Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एम्स रायबरेली व सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एमओयू का आदान-प्रदान

एम्स रायबरेली व सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एमओयू का आदान-प्रदान

रायबरेली। मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए एम्स रायबरेली और सेवादान आरोग्य संस्था के मध्य गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। एमओयू के तहत सेवादान आरोग्य संस्था द्वारा एम्स रायबरेली परिसर में मरीजों के तीमारदारों के लिए विश्राम गृह (नाइट शेल्टर) का निर्माण कराया जाएगा। यह सुविधा दूर-दराज़ से उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराएगी, जिससे उपचार अवधि के दौरान उन्हें राहत मिलेगी। कार्यक्रम में एम्स रायबरेली की ओर से उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह तथा सेवादान आरोग्य संस्था की ओर से अमित दास ने एमओयू पर हस्ताक्षर कर समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।

इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन, उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यू.एन. राय, अधीक्षण अभियंता हरीश यादव सहित अभियांत्रिकी विभाग के अन्य अधिकारी तथा सेवादान आरोग्य संस्था की ओर से अमित दास एवं डी.डी. पांडे उपस्थित रहे। कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने कहा कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए सम्मानजनक आवास की व्यवस्था करना मानवीय सेवा का महत्वपूर्ण आयाम है। यह पहल उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं मरीजों एवं उनके परिजनों के हित में मिलकर कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील, सुलभ एवं जन-केंद्रित बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सेवादान आरोग्य संस्था द्वारा निर्मित होने वाला विश्राम गृह भविष्य में एम्स रायबरेली आने वाले हजारों मरीजों एवं उनके तीमारदारों के लिए उपयोगी साबित होगा तथा उपचार के दौरान उन्हें सुरक्षित एवं सुविधाजनक ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराएगा।