Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 70 नॉन-पीजी जूनियर रेजीडेंट्स ने संभाला कार्यभार

70 नॉन-पीजी जूनियर रेजीडेंट्स ने संभाला कार्यभार

फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में शासकीय सेवा बॉन्ड के तहत नियुक्त 70 नॉन-पीजी जूनियर रेजीडेंट चिकित्सकों ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। सभी चयनित अभ्यर्थियों द्वारा सफलतापूर्वक योगदान देने के साथ ही मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नई तैनाती से इमरजेंसी, ओपीडी तथा विभिन्न वार्डों में मरीजों को पहले से अधिक त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उत्तर प्रदेश शासन एवं चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय के निर्देशों के क्रम में हुई इस नियुक्ति प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 70 अभ्यर्थियों को नॉन-पीजी जूनियर रेजीडेंट के पद पर तैनात किया गया। सभी चिकित्सकों ने औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसे मेडिकल कॉलेज के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता एवं दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है।

नवागत जूनियर रेजीडेंट्स के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में विशेष अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार गोयल ने सभी चिकित्सकों का स्वागत करते हुए उन्हें मरीजों के प्रति संवेदनशील, जिम्मेदार एवं समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। प्रत्येक चिकित्सक अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करें, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सके। प्रधानाचार्य ने कहा कि 70 नए जूनियर रेजीडेंट्स के जुड़ने से फिरोजाबाद सहित आसपास के जनपदों से आने वाले मरीजों को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे चिकित्सकों पर कार्यभार कम होगा और प्रत्येक मरीज को अधिक समय एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।