Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शत-प्रतिशत बच्चों के दाखिले पूर्ण कराएं खंड शिक्षाधिकारी : सीडीओ

शत-प्रतिशत बच्चों के दाखिले पूर्ण कराएं खंड शिक्षाधिकारी : सीडीओ

  • शिकोहाबाद, एका ब्लॉक के विद्यालयों में नामांकन की गति धीमी मिलने पर जताई नाराजगी

फिरोजाबाद। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सीडीओ ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया में शत-प्रतिशत बच्चों के दाखिले पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सीडीओ शत्रोहन वैश्य ने बैठक में कहा कि विद्यालयों का निरंतर आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान जो भी अध्यापक अनुपस्थित पाए जाएं, उनकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। शिकोहाबाद एवं एका ब्लॉक के विद्यालयों में नामांकन की गति धीमी मिलने एवं खराब प्रगति पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी विद्यालयों में पूर्ण रूप से फर्नीचर उपलब्ध होने तथा जर्जर भवनों से शिफ्ट किए गए विद्यालयों में फर्नीचर का प्रयोग अवश्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय लड़ीह के निर्माण की खराब गुणवत्ता पर सीडीओ ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था/फर्म को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो संस्था को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। विद्यालयों में दिव्यांगजन-सुलभ शौचालयों के निर्माण कार्य में तेजी लाकर उसे समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। सीडीओ ने कहा कि बच्चों को जमीन पर बैठाकर खाना न खिलाया जाए। उन्हें डाइनिंग टेबल अथवा उपयुक्त व्यवस्था पर ही भोजन कराया जाए। जिन विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन या विद्युत तार गुजर रहे हैं, उन्हें तत्काल हटवाना सुनिश्चित करें। बेसिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित व गरिमापूर्ण वातावरण मिले। नामांकन में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के साथ-साथ विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं एवं स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी एवं शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।