Thursday, July 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आचार्य निर्भय सागर के चातुर्मास महोत्सव की तैयारियां तेज

आचार्य निर्भय सागर के चातुर्मास महोत्सव की तैयारियां तेज

फिरोजाबाद। आचार्य निर्भय सागर महाराज के चातुर्मास महोत्सव के आयोजन को लेकर गुरुवार को वर्षायोग समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आचार्य श्री ससंघ आगामी चार माह तक छदामीलाल जैन मंदिर में विराजमान रहेंगे। इस दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, स्वाध्याय, ध्यान, सामायिक, तप, युवा एवं महिला जागरण कार्यक्रम, बाल संस्कार शिविर सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति अध्यक्ष निमिष जैन ने बताया कि चातुर्मास का उद्देश्य केवल वर्षाकालीन विश्राम नहीं, बल्कि अहिंसा, आत्मसाधना, संयम और धर्म के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है। प्रतिदिन प्रातः 5 बजे प्रतिक्रमण व सामायिक, 6 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा, 8 बजे प्रवचन, 10 बजे आहारचर्या, दोपहर 12 बजे सामायिक, 3 बजे स्वाध्याय, शाम 4 बजे प्रतिक्रमण एवं आरती तथा रात्रि में सामायिक एवं वैयावृत्ति के नियमित कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रत्येक शनिवार और रविवार को शाम 6 बजे ‘संत की अदालत’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

महामंत्री शैलेन्द्र जैन शैली ने बताया कि चातुर्मास केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संयम, सदाचार, अहिंसा, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और नैतिक जीवन मूल्यों के जागरण का महाअभियान है। 19 अगस्त को भगवान पार्श्वनाथ मोक्ष कल्याणक, 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व एवं भगवान श्रेयांसनाथ मोक्ष कल्याणक, 15 से 25 सितंबर तक पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व, 27 सितंबर को क्षमावाणी पर्व, 18 अक्टूबर को भगवान पुष्पदंत मोक्ष कल्याणक तथा 8 नवंबर को दीपोत्सव एवं भगवान महावीर स्वामी मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। इसके अलावा अष्टानिका महापर्व पर श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भी आयोजन होगा। प्रेसवार्ता में समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में चातुर्मास कार्यक्रमों में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर अध्यक्ष निमिष जैन, महामंत्री शैलेन्द्र जैन शैली, कोषाध्यक्ष पंकज जैन (एलआईसी), विशाल जैन एड., रजत जैन भदावर, सचिन जैन, मुकेश जैन, अनुज जैन तुलसी बिहार, अजय जैन बजाज, राज जैन आदि मौजूद रहे।