Friday, July 31, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

– डॉ. अमित सिंह गौर बने अध्यक्ष, डॉ. संगम सिंह सचान बने सचिव
कानपुर: हिमांशु। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, कानपुर नगर की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को गैंजेस क्लब, कानपुर में सम्पन्न हुआ। समारोह में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ ही निदेशक, उर्सला चिकित्सालय, अपर निदेशक (कानपुर मंडल), सीएमएस कांशीराम ट्रॉमा सेंटर, उर्सला चिकित्सालय, डफरिन चिकित्सालय, केपीएम चिकित्सालय तथा कानपुर जनपद के वरिष्ठ चिकित्सकों ने सहभागिता की।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, कानपुर नगर के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित डॉ. अमित सिंह गौर तथा सचिव पद पर डॉ. संगम सिंह सचान ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष (महिला) पद पर डॉ. दीपमाला चक, उपाध्यक्ष (सामान्य) के दो पदों पर डॉ. अनुज दीक्षित एवं डॉ. नीरज सचान, वित्त सचिव पद पर उर्सला चिकित्सालय के डॉ. मुन्नालाल विश्वकर्मा, सदस्य (केंद्रीय कार्यकारिणी) पद पर डेंटल सर्जन डॉ. शेख हसनैन तथा संपादक पद पर डॉ. शशि रंजन पटेल ने भी शपथ ग्रहण की।
उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर वर्तमान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं तथा पूर्व में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सचिव का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह रहे। इस अवसर पर महासचिव डॉ. शरद वैश्य, उपाध्यक्ष डॉ. जगमोहन, उपाध्यक्ष डॉ. यशोवर्धन सिंह, उपाध्यक्ष (मुख्यालय) डॉ. मोहित सिंह, वित्त सचिव डॉ. प्रवीण कुमार, संगठन मंत्री डॉ. धीरज मिश्रा तथा संपादक डॉ. मोहम्मद जमील अनवर सहित प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की संपूर्ण केंद्रीय टीम उपस्थित रही।