लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाज में सफाईकर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि सफाईकर्मी अपना कार्य न करें तो समाज का जीवन दूभर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति सफाईकर्मियों की मेहनत और जज्बे के सामने वह नतमस्तक हैं तथा स्वयं को उनका ऋणी मानते हैं। रविंद्रालय सभागार में जनकल्याण केयर टेकर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित सामुदायिक शौचालय (ग्रामीण) केयर टेकर महासम्मेलन एवं सफाई कर्मचारी दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने स्वच्छ प्रदेश, स्वस्थ प्रदेश के निर्माण में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां कोई भूखा न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके इस विचार को धरातल पर उतारते हुए 80 करोड़ देशवासियों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने का कार्य किया है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने संत रविदास नगर का नाम बदलकर भदोही कर दिया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने पुनः जिले को संत रविदास नगर नाम दिया। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार सपा सरकार द्वारा कन्नौज मेडिकल कॉलेज का नाम भी बदल दिया गया था, जिसे वर्तमान सरकार ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन दलितों के उत्थान के लिए समर्पित किया और प्रदेश सरकार उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज ने देश और समाज के लिए जो योगदान दिया है, उसके लिए वह सदैव समाज के ऋणी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जनकल्याण केयर टेकर एसोसिएशन की ओर से उप मुख्यमंत्री को मांग पत्र भी सौंपा गया। उन्होंने बताया कि इसमें नियमित भुगतान, बैंक खाते में भुगतान तथा वेतनमान बढ़ाए जाने की तीन प्रमुख मांगें शामिल हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि वह स्वयं संबंधित विभाग के समक्ष इन मांगों को रखेंगे और जल्द ही सकारात्मक समाचार देने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक रामचंद्र यादव, भाजपा प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि, वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार संतोष वाल्मीकि, डॉ. आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के महामंत्री अमरनाथ प्रजापति, केयर टेकर समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार, विधान परिषद के पूर्व विशेष सचिव दिनेश चंद्रा, प्रदेश विधिक सलाहकार सुशील कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Jansaamna