Friday, September 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वार्ड 35 में 90 लाख रुपये से होंगे विकास कार्य

वार्ड 35 में 90 लाख रुपये से होंगे विकास कार्य

फिरोजाबाद। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 35 लालऊ में लंबे समय से जलभराव और निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र में लालऊ पानी की टंकी से मां संतोषी ट्रेडर्स तक जल निकासी के लिए बनने वाले आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुक्रवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। महापौर कामिनी राठौर ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। नगर निगम द्वारा कराए जा रहे इस महत्वपूर्ण विकास कार्य पर लगभग 90 लाख रुपये की लागत आएगी। नाला निर्माण पूरा होने के बाद बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुचारु हो सकेगी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भी सुविधा मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जल निकासी, सड़क, नाली और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड 35 में बनने वाला यह आरसीसी नाला क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से बड़ी संख्या में लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात के दिनों में क्षेत्र में जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। नाला निर्माण होने से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और क्षेत्र का समुचित विकास भी सुनिश्चित होगा। शिलान्यास के अवसर पर जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी, स्थानीय पार्षद तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं निवासी उपस्थित रहे।