फि
रोजाबाद। सेवा पथ जन कल्याण समिति के तत्वावधान में उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान में शुक्रवार को छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षक जयप्रकाश राजपूत ने छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने हाथ पकड़ने पर स्वयं को छुड़ाने, पीछे से पकड़े जाने की स्थिति में बचाव करने, संतुलन बनाए रखने, हमलावर की पकड़ कमजोर करने, तेज आवाज लगाकर सहायता मांगने, सुरक्षित स्थान तक पहुंचने तथा आवश्यकता पड़ने पर आसपास उपलब्ध वस्तुओं का आत्मरक्षा में उपयोग करने के तरीके बताए।
साथ ही छात्राओं को महिला हेल्पलाइन और पुलिस की सहायता लेने के प्रति भी जागरूक किया। प्रधानाध्यापिका कल्पना राजौरिया ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ आत्मरक्षा का ज्ञान भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार करते हैं और उन्हें हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का उद्देश्य संघर्ष करना नहीं, बल्कि स्वयं को सुरक्षित रखना है। समिति की प्रदेश सचिव सीमा गुप्ता ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण समिति की प्राथमिकता है। भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक छात्राओं को लाभान्वित किया जाएगा। इस दौरान अध्यक्ष गौरव दत्त बंसल, योगेंद्र प्रकाश जैन, सुनील भटनागर आदि उपस्थित रहे।
Jansaamna