रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार ने अपने नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। कंपनी ने सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीआईपीईटी), लखनऊ के सहयोग से 60 बेरोजगार युवाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ किया। शुभारंभ कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं एनएसपीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिवाकर कौशिक, कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) एवं क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रमुख (उत्तर एवं दक्षिण) एस.एन. पाणिग्रही, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (ऊंचाहार) बिस्व मोहन सिंह तथा सीआईपीईटी लखनऊ के संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख विवेक कुमार सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सभी अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
15 ग्राम पंचायतों से चयनित युवा, दो ट्रेडों में प्रशिक्षण
एनटीपीसी ऊंचाहार और सीआईपीईटी लखनऊ के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत परियोजना क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों से चयनित 60 युवाओं को यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो ट्रेडों — “मशीन ऑपरेटर–इंजेक्शन मोल्डिंग” और “मशीन ऑपरेटर–प्लास्टिक प्रोसेसिंग” — में बांटा गया है, जिसमें प्रत्येक ट्रेड में 30-30 प्रशिक्षुओं का बैच शामिल है। खास बात यह है कि इनमें 22 बालिकाएं भी प्रशिक्षण ले रही हैं, जो कार्यक्रम की समावेशी प्रकृति को दर्शाता है।
“कौशल ही आत्मनिर्भरता की सबसे बड़ी पूंजी” – दिवाकर कौशिक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिवाकर कौशिक ने युवाओं से अनुशासन बनाए रखने, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने और तकनीकी दक्षता विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कौशल ही आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं एस.एन. पाणिग्रही ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि का पूरा लाभ उठाने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और अपने ज्ञान व कौशल के बल पर उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
अब तक 187 युवाओं को मिल चुका रोजगार
परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने कहा कि एनटीपीसी ऊंचाहार स्थानीय युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सीआईपीईटी के सहयोग से संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर आत्मनिर्भर एवं रोजगार योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। गौरतलब है कि एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा सीएसआर के अंतर्गत संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक 187 स्थानीय युवाओं को सफलतापूर्वक रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। इस पहल पर कंपनी अब तक लगभग 196 लाख रुपये व्यय कर चुकी है, जो स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), उत्तरी क्षेत्र राहुल शर्मा, मानव संसाधन प्रमुख एनटीपीसी ऊंचाहार पंकज कुमार तथा सीएसआर टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
Jansaamna