- शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की मांग
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बीएसए से मिला और ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष यतेन्द्र यादव ने बीएसए अनिल कुमार एवं वित्त एवं लेखा अधिकारी रविन्द्र सिंह को सौंपे ज्ञापन में कहा कि श्रावण मास में कांवड़ियों की भारी संख्या को देखते हुए जनपद में रूट डायवर्जन के कारण शिक्षक-शिक्षिकाओं के आवागमन में कठिनाई एवं उनकी सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सोमवार को अवकाश घोषित किया जाए। एमडीएम खातों का संचालन एसएमसी के अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापक के संयुक्त हस्ताक्षर से कराए जाने का आदेश निर्गत किया जाए। उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारतीय स्टेट बैंक के मध्य निष्पादित सामाजिक सुरक्षा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। शिक्षामित्रों के स्थानांतरण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। लंबित वित्तीय देयकों, जैसे चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, एरियर तथा एक दिन की वेतन कटौती के देयकों का भुगतान शीघ्र कराया जाए। सेवानिवृत्त शिक्षकों के समस्त देयकों का भुगतान भी शीघ्र कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री सलिल यादव, जिला संयुक्त मंत्री राघवेन्द्र सिंह जादौन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. उमाशंकर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला प्रवक्ता विनीत कुमार, जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, जिला संगठन मंत्री सुनील कुमार, योगेन्द्र सिंह, अवनीश कुमार, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।
Jansaamna