Tuesday, August 4, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शिवालयों में गूंजे बम-बम भोले के जयकारे, उमड़ी भक्तों की भीड़

शिवालयों में गूंजे बम-बम भोले के जयकारे, उमड़ी भक्तों की भीड़

फिरोजाबाद। सावन के प्रथम सोमवार को सुबह से ही शिवभक्तों का शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए तांता लगा रहा। शिवभक्तों ने अपने आराध्य देव भगवान शिव का जलाभिषेक कर मन्नौती मांगी। साथ ही देर शाम शिवालयों में भव्य फूल बंगला सजाया गया। सांती मंदिर पर सुबह से लेकर शाम तक शिवभक्तों और कांवड़ियों की भीड़ लगी रही। नगर के बड़े हनुमान मंदिर स्थित सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर, गंज मोहल्ला स्थित सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर के अलावा कैला देवी, गोपाल आश्रम स्थित शिव मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक शिवभक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने लाइन में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। साथ ही बेलपत्र, धतूरा, फल, फूल, चंदन आदि चढ़ाकर पुण्य लाभ लिया। शिवालयों में सुबह से शाम तक बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। वहीं शहर से आठ किलोमीटर दूर सांती मंदिर पर सुबह से लेकर शाम तक भक्तों की भीड़ रही। कांवड़ियों ने लाइन में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर मन्नौती मांगी। मंदिर प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। देर शाम शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का अद्भुत श्रृंगार एवं फूल बंगला सजाया गया।