रायबरेली। ऊंचाहार-सलोन मार्ग पर एनटीपीसी द्वारा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क के फुटपाथ पर दीवार निर्माण कराए जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया। लोगों ने फुटपाथ पर निर्माण को लेकर नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। हालांकि बाद में दोपहर के बाद निर्माण कार्य फिर शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी ऊंचाहार अपनी बाउंड्री के बाहर ऊंचाहार-सलोन मार्ग पर पीडब्ल्यूडी की सड़क के फुटपाथ पर दीवार का निर्माण करा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इससे फुटपाथ दीवार के अंदर चला जाएगा और साइकिल, बाइक व पैदल चलने वालों के लिए रास्ता नहीं बचेगा। उनका कहना है कि इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाएगी, खासकर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सोमवार को एनटीपीसी गेट नंबर-2 के पास बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और निर्माण कार्य का विरोध किया। सूचना पर एनटीपीसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के विरोध के बाद निर्माण कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया। हालांकि दोपहर बाद निर्माण कार्य पुनः शुरू करा दिया गया। इस संबंध में एनटीपीसी के अपर महाप्रबंधक पंकज कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य जिला प्रशासन से समन्वय और आवश्यक प्रक्रिया के तहत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विषय में मंगलवार को जिला पंचायत राज अधिकारी के साथ भी बैठक प्रस्तावित है। आसपास के लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा और मामले में किसी प्रकार का विवाद नहीं है।
Jansaamna