Tuesday, August 4, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सड़क और बिजली की समस्याओं को लेकर भाकियू (टिकैत) का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

सड़क और बिजली की समस्याओं को लेकर भाकियू (टिकैत) का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

हाथरस। क्षेत्र में बदहाल सड़कों और लचर बिजली व्यवस्था से परेशान किसानों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले संगठन के जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार उर्फ भोला सूर्यवंशी के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। सोमवार को सुबह आठ बजे से क्षेत्र के तमाम किसान नया नगला गोहाना (सासनी) स्थित धरना स्थल पर बड़ी संख्या में एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि कई बार पत्राचार और मौखिक शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे आम जनजीवन और कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। भाकियू (टिकैत) के नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्याओं के समाधान का ठोस आश्वासन नहीं देते और धरातल पर कार्य शुरू नहीं होता, तब तक धरना किसी भी कीमत पर समाप्त नहीं किया जाएगा।