➤ छात्रवृत्ति प्रक्रिया में बेहतर समन्वय के लिए सभी संबंधित विभागों में सचिव या विशेष सचिव स्तर के नोडल अधिकारी होंगे नामित
लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की छात्रवृत्ति योजनाओं के सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध संचालन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा पात्र छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षण संस्थान समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी समय-सारिणी का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने परिसर में संचालित सभी मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रमों, निर्धारित शुल्क, सीटों एवं अन्य आवश्यक विवरणों का पोर्टल पर समयबद्ध एवं त्रुटिरहित अंकन करें, ताकि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित विश्वविद्यालयों एवं एफिलिएटिंग एजेंसियों को निर्देशित किया कि नवीन मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ नए पाठ्यक्रमों तथा सीटों में वृद्धि या कमी से जुड़े प्रस्तावों का समयबद्ध परीक्षण एवं सत्यापन किया जाए। सत्यापन के बाद इन सभी विवरणों को समय से मास्टर डाटाबेस में शामिल किया जाए, जिससे छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए और विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति मिल सके।
मुख्य सचिव ने समाज कल्याण विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सभी संबंधित विभागों में सचिव अथवा विशेष सचिव स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में छात्रवृत्ति वितरण के दौरान सामने आई समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा उनके स्थायी समाधान की दिशा में कार्य किया जाए। साथ ही, पोर्टल पर त्रुटिपूर्ण डाटा अंकित किए जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों की जवाबदेही भी तय की जाए। बैठक में बताया गया कि शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों हेतु पूर्वदशम (कक्षा 9-10) तथा दशमोत्तर (कक्षा 11-12 एवं उच्चतर) छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत विद्यालयों एवं संस्थानों को मास्टर डाटाबेस में शामिल किए जाने से लेकर विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन और छात्रवृत्ति वितरण तक की समस्त प्रक्रिया के लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है। बैठक में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansaamna