Tuesday, August 4, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रावण के प्रथम सोमवार पर निकली बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा

श्रावण के प्रथम सोमवार पर निकली बाबा महाकाल की भव्य पालकी यात्रा

श्री कृष्णा चित्तौड़ी: फिरोजाबाद। श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर श्री बाबा महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में भगवान बाबा महाकाल की भव्य एवं दिव्य पालकी यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। पालकी यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव के जयकारे लगाए। पूरे मार्ग पर गूंजते “हर-हर महादेव” और “जय श्री महाकाल” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पालकी यात्रा का शुभारंभ श्री राधाकृष्ण मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हुआ। इसके उपरांत यात्रा सदर बाजार, गंज चौराहा एवं गंज बाजार होते हुए श्री सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर (डाकखाना) पहुंची, जहां भगवान महाकाल का विशेष पूजन एवं आरती की गई। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई। शोभायात्रा में भगवान शिव की मनमोहक झांकियां, आकर्षक साज-सज्जा, डमरू वादन, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भजन-कीर्तन मुख्य आकर्षण रहे। शिवभक्त नृत्य करते हुए भोलेनाथ के जयकारे लगाते नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता कर अपनी श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष समय होता है। पालकी यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना, धार्मिक आस्था को मजबूत करना तथा समाज में भाईचारे एवं आध्यात्मिक चेतना का संदेश देना है।

यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। अंत में श्री सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर में महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान बाबा महाकाल से जनकल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की।