आगरा/मथुरा। चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा होने पर रेलवे अधिकारियों और चिकित्सा टीम की तत्परता से एक गर्भवती महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मां और नवजात का प्राथमिक उपचार कर उन्हें रेलवे अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद निवासी महिला गाड़ी संख्या 12548 साबरमती–आगरा एक्सप्रेस से अपने परिवार के साथ कोच एस-2 की बर्थ संख्या 36, 37 एवं 38 पर यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसकी सूचना रेल मदद के माध्यम से रेलवे प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित कोच में तैनात टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) को महिला की सहायता के लिए भेजा गया। वहीं, आगरा कैंट स्टेशन पर उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) को मेडिकल टीम के साथ ट्रेन पहुंचने से पहले ही अलर्ट कर दिया गया। ट्रेन के आगरा कैंट स्टेशन पहुंचने पर रेलवे चिकित्सक डॉ. अवंतिका सिन्हा और स्टाफ नर्स सिमरन शर्मा ने प्लेटफॉर्म संख्या 5 पर महिला और नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में मां और शिशु दोनों स्वस्थ पाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगे की चिकित्सा सुविधा के लिए एंबुलेंस से रेलवे अस्पताल भेजा गया।महिला के पति ने समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और सहयोग के लिए रेलवे प्रशासन, चिकित्सा दल तथा संबंधित कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
Home » मुख्य समाचार » चलती ट्रेन में गूंजी नवजात की किलकारी, स्टेशन पर सुरक्षित प्रसव के बाद मां-बच्चे को मिला उपचार
Jansaamna