लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में पंचायतीराज, राजस्व तथा स्वतंत्रता दिवस और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत जिन जनपदों में फर्नीचर एवं पुस्तकों की आपूर्ति लंबित है, वहां संबंधित वेंडरों से समन्वय स्थापित कर कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामग्री की गुणवत्ता की जांच के बाद ही लंबित भुगतान किया जाए। साथ ही कंप्यूटर, सॉफ्टवेयर और अन्य आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति भी जल्द सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि अब तक लगभग 90 प्रतिशत फर्नीचर तथा 97 प्रतिशत पुस्तकों की आपूर्ति पूरी हो चुकी है। उन्होंने व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (आईएचएचएल) निर्माण तथा सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट (एसएलडब्ल्यूएम) योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पंचायत उत्सव भवन निर्माण के लिए शेष 11 जिलों से तत्काल प्रस्ताव भेजने तथा स्वीकृत परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने को भी कहा। राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने पांच वर्ष अथवा उससे अधिक समय से लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए तीन माह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रतिदिन सुनवाई कर मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा इसकी साप्ताहिक समीक्षा भी हो। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में विभिन्न स्तरों पर पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित 93,048 राजस्व वाद हैं। बैठक में आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अभियान में एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, सिविल डिफेंस तथा अन्य संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाकर अधिक से अधिक लोगों से पोर्टल पर सेल्फी अपलोड कराने पर जोर दिया।
उन्होंने 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम पूरे सम्मान और गरिमा के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। 9 से 15 अगस्त तक शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर विशेष कार्यक्रम, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों के सम्मान की भी बात कही। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 14 एवं 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण कराया जाए। उन्होंने ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित कराने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि 6 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में विभिन्न प्रतियोगिताएं, तिरंगा मेले, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा रैलियां, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान तथा शहीद स्थलों पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के माध्यम से कुल तीन करोड़ राष्ट्रीय ध्वज तैयार कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
Jansaamna