Thursday, August 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 80 लाख से अधिक की लागत से दो सीसी सड़क निर्माण कार्यों का हुआ भूमि पूजन

80 लाख से अधिक की लागत से दो सीसी सड़क निर्माण कार्यों का हुआ भूमि पूजन

फिरोजाबाद। नगर निगम फिरोजाबाद द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत वार्ड संख्या 21, लालपुर में 80 लाख रुपये से अधिक की लागत से कराए जाने वाले दो सीसी सड़क निर्माण कार्यों का भूमि पूजन बुधवार को क्षेत्रीय पार्षद, भाजपा नेताओं एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। भूमि पूजन के अवसर पर नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर ने बताया कि वार्ड संख्या 21 में दोनों सीसी सड़क निर्माण कार्यों पर 80 लाख रुपये से अधिक की धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में नगर निगम शहर में विकास कार्यों को लगातार गति दे रहा है। एनसीएपी योजना के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। भूमि पूजन के अंतर्गत पहला सीसी सड़क निर्माण कार्य आरा मशीन से अशोक संजय तक तथा दूसरा कार्य लालपुर मंडी गेट के सामने चांद भाई के मकान से राजकुमार राठौर एवं कालीचरन राठौर के मकान तक कराया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा वार्ड के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से निर्माण कार्यों में सहयोग करने की अपील भी की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर निगम के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।