मथुरा। सर्वोदयी ब्राह्मण विकास संस्थान की बैठक कैंप कार्यालय जगन्नाथपुरी में संस्थान अध्यक्ष पंडित सोहनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ उपस्थित पदाधिकारियों ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। बैठक में हाल ही में राज्यपाल द्वारा एलएलबी परीक्षा में जनपद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर तीन स्वर्ण पदकों से सम्मानित की गईं वरिष्ठ सदस्य की पुत्री मोहिनी शर्मा को सम्मानित किया गया। संस्थान पदाधिकारियों ने मोहिनी शर्मा को माला, पटका, दुशाला एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पदाधिकारियों ने कहा कि मोहिनी की उपलब्धि समाज के लिए गर्व का विषय है और उनकी मेहनत से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। बैठक में बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए संस्थान द्वारा 44वां विशाल मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित करने की जानकारी दी गई। समारोह में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ब्राह्मण समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट यूपी बोर्ड में 75 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा सीबीएसई एवं अन्य बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 90 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। उच्च शिक्षा में 75 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप, डेस्कटॉप कंप्यूटर एवं स्मार्टफोन आदि प्रदान किए जाएंगे। संस्थान ने पात्र मेधावी छात्र-छात्राओं से अपनी अंकतालिका की छायाप्रति, मोबाइल नंबर एवं पता उपलब्ध कराने की अपील की है। आवेदन 8 अगस्त तक सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक आचार्य कंप्यूटर, विकास बाजार, पतंजलि स्टोर के सामने; कृष्णा ज्वेलर्स, धोली प्याऊ; श्रीहरि मेडिकल स्टोर, शास्त्री नगर; राहुल मैचिंग सेंटर, छत्ता बाजार; सुरेंद्र पोशाक वाले, कृष्ण प्लाजा, मसानी तथा प्रधान कार्यालय वाटी वाली कुंज, लाल दरवाजा पर जमा किए जा सकते हैं। संस्थान के अनुसार सम्मान समारोह 16 अगस्त को चित्रकूट, मसानी पर दोपहर दो बजे से आयोजित किया जाएगा। बैठक में नारायण प्रसाद शर्मा, दिलीप पांडे, जय गोपाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, दिवाकर आचार्य, पीपी शर्मा, मुकुट मणि शर्मा, कपिल कौशिक, राकेश गौड़ सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
Jansaamna