➤ वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच, शिकायतकर्ता ने जांच की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
हाथरस। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच के लिए लखनऊ से उच्चस्तरीय स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। संयुक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने शिकायत के आधार पर विभिन्न अभिलेखों एवं दस्तावेजी साक्ष्यों का सत्यापन किया। जांच प्रक्रिया को लेकर शिकायतकर्ता ने हालांकि निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अविनाश तिवारी के अनुसार, उन्होंने 23 मई को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से सीएचसी सासनी में कथित भ्रष्टाचार एवं नियमों के उल्लंघन की शिकायत की थी। उनके मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर शासन ने मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की थी। शिकायतकर्ता अविनाश तिवारी ने आरोप लगाया कि जिस अधिकारी के खिलाफ मुख्य शिकायत की गई थी, जांच उसी अधिकारी के कक्ष में और उनकी मौजूदगी में की गई। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए संबंधित अधिकारी को जांच पूरी होने तक पद से अलग किया जाना चाहिए था, ताकि किसी भी तरह के दस्तावेजी साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका न रहे।
Jansaamna