Monday, August 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

फिरोजाबाद। महात्मा गांधी बालिका पीजी कॉलेज में नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने एवं उन्हें स्वस्थ तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या प्रियदर्शिनी उपाध्याय एवं मुख्य अतिथि बीके नीता द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात बीएससी पंचम सेमेस्टर की छात्रा काम्या ने सरस्वती वंदना, बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा खुशी दिवाकर ने स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। प्राचार्या डॉ. प्रियदर्शिनी उपाध्याय ने कहा कि नशा केवल शराब, तंबाकू, धूम्रपान अथवा अन्य मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्तमान समय में मोबाइल की अत्यधिक लत, स्क्रीन एडिक्शन और जंक फूड की आदत भी एक प्रकार का नशा बन सकती है। मुख्य अतिथि बीके नीता ने छात्राओं को आत्मसंयम, सकारात्मक विचारों और दृढ़ इच्छाशक्ति को जीवन में अपनाने पर बल देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर सकते हैं और स्वयं के साथ-साथ समाज के विकास में भी योगदान दे सकते हैं। छात्राओं ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मॉडल, राखी एवं पोस्टर जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया था। इस दौरान डॉ. आकांक्षा यादव, डॉ. निशा के अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राएं मौजूद रहीं।