फिरोजाबाद। सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में भक्तों का सुबह से लेकर शाम तक तांता लगा रहा। भक्तों ने अपने आराध्य देव भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक कर पुण्य लाभ लिया। देर शाम मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार कर फूल बंगला सजाया गया। साथ ही आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। सुहागनगरी के शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तगण हाथों में पूजा की थाली और लोटे में जल लेकर मंदिर पहुंचे। जहां भक्तों ने अपने आराध्य देव भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक कर फल, फूल, धतूरा, बेलपत्र चढ़ाकर मन्नौती मांगी। नगर के गल्ला मंडी स्थित रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, गंज मोहल्ला स्थित सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर, गोपाल आश्रम स्थित शिव मंदिर, लाला कुंजी लाल की बगीची स्थित चंद्रेश्वरनाथ महादेव मंदिर के अलावा बड़े हनुमान मंदिर और कैला देवी मंदिर स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक भीड़ रही। वहीं शहर से आठ किलोमीटर दूर स्थित साती के शातेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से लेकर शाम तक कांवड़ चढ़ाने वाले भक्तों की भीड़ रही। वहीं देर शाम शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का अद्भुत श्रृंगार कर भव्य फूल बंगले के दर्शन कराए गए। देर शाम आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।
Jansaamna