Sunday, August 30, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एआरटीओ कार्यालय में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण

एआरटीओ कार्यालय में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने एक दिन का वेतन बाधित करने के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एआरटीओ, पीआरओ अधिकारी समेत तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने कार्यालय की विभिन्न पत्रावलियों एवं अभिलेखों का गहनता से निरीक्षण किया। कई फाइलों पर धूल जमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी पत्रावलियों का व्यवस्थित ढंग से रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए। कार्यालय में अपने कार्यों के सिलसिले में पहुंचे आम नागरिकों से भी जिलाधिकारी ने बातचीत की और दलालों के हस्तक्षेप तथा अनावश्यक देरी के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एआरटीओ कार्यालय सीधे जनता से जुड़ा विभाग है, इसलिए यहां पारदर्शिता और त्वरित सेवा सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और आवेदकों के बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।