फिरोजाबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन फिरोजाबाद एवं श्यामवीर दद्दा स्पोर्ट्स डेवलपमेंट ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मेजर ध्यानचंद जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बालक एवं बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर बालक वर्ग में दो किलोमीटर दौड़ और लॉन्ग जंप तथा बालिका वर्ग में एक किलोमीटर दौड़ और लॉन्ग जंप प्रतियोगिताएं कराई गईं। दो किलोमीटर दौड़ के बालक वर्ग में विवेक कुमार ने स्वर्ण पदक, योगेश कुमार ने रजत पदक और अभिषेक ने कांस्य पदक हासिल किया। लॉन्ग जंप बालक वर्ग में चमन ने स्वर्ण, आदित्य ने रजत और विवेक कुमार ने कांस्य पदक जीता।एक किलोमीटर दौड़ के बालिका वर्ग में भावना ने प्रथम, रागिनी राजपूत ने द्वितीय और नंदिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लॉन्ग जंप बालिका वर्ग में अदिति प्रथम, निशा द्वितीय और राजनी तृतीय स्थान पर रहीं। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम पाल सिंह ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने अपने शानदार खेल कौशल से वैश्विक स्तर पर भारतीय हॉकी को नई पहचान दिलाई। मेजर ध्यानचंद युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खेलों में मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इस दौरान कोच श्यामवीर, रविंद्र कुमार, अजीत सिंह, प्रेमप्रकाश कुशवाहा, श्रीराम कुशवाहा, सुरेंद्र सिंह, हेमंत राजपूत, बृजेश राजपूत, रूबी राजपूत, रेनू देवी, आशा देवी आदि मौजूद रहे।
Jansaamna