फिरोजाबाद। हॉकी के जादूगर एवं महान भारतीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल फिरोजाबाद और दाऊदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मैच के पहले हाफ में डीपीएस फिरोजाबाद के असीम यादव ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में दाऊदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम ने बराबरी के लिए लगातार आक्रमण किए, लेकिन डीपीएस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी। निर्धारित समय तक कोई अन्य गोल नहीं हो सका और डीपीएस फिरोजाबाद ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने असाधारण खेल कौशल और उपलब्धियों से भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। उनकी खेल भावना और उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समापन समारोह में जिला खेल अधिकारी मुकेश कुमार और जिला ओलंपिक संघ के सचिव प्रदीप भारद्वाज ने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी मुकेश कुमार, जिला ओलंपिक संघ के सचिव प्रदीप भारद्वाज, उप सचिव मनु यादव, क्रिकेट कोच निशांत खरे, बॉक्सिंग कोच भोजराज सिंह, एथलेटिक्स कोच अभिषेक यादव के अलावा नरेंद्र सिंह, रंजीत जादौन, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे।
Jansaamna