Tuesday, September 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गरीबी किसी एक जाति के घर पैदा नहीं होती, आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा की मांग

गरीबी किसी एक जाति के घर पैदा नहीं होती, आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा की मांग

फिरोजाबाद। सत्यम शिवम सुंदरम फाउंडेशन ने जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा करने और प्रत्येक समाज के निर्धन एवं वास्तविक रूप से वंचित लोगों को समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। इस संबंध में फाउंडेशन की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। फाउंडेशन की अध्यक्ष सरिता जादौन ने कहा कि यह पहल किसी जाति या समाज के विरोध में नहीं है, बल्कि निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों को न्यायपूर्ण अवसर दिलाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है। संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि गरीबी किसी एक जाति के घर पैदा नहीं होती। इसलिए जरूरतमंद लोगों को उनकी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति के आधार पर समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही समान अवसर और सामाजिक न्याय की दिशा में सार्थक पहल संभव है। फाउंडेशन ने सरकार से आरक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा कर वास्तविक रूप से वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक अवसरों का लाभ पहुंचाने की दिशा में कदम उठाने की मांग की है।