Monday, August 31, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मारपीट, तीन के खिलाफ रिपोर्ट

पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मारपीट, तीन के खिलाफ रिपोर्ट

शिकोहाबाद। खेत में रखे लोहे के गाटर चोरी होने की सूचना पर जांच करने पहुंची पीआरवी टीम के पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सिपाही की तहरीर पर दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पीआरवी पर तैनात सिपाही रितेश बाथम अपने साथी केशवदेव के साथ पीआरवी संख्या 9605 पर ड्यूटी कर रहे थे। शनिवार दोपहर करीब दो बजे रीनेश यादव पुत्र कुलदीप यादव निवासी निजामपुर गढ़ूमा, बटेश्वर रोड ने पुलिस को सूचना दी कि उसके खेत में रखे लोहे के गाटर चोरी हो गए हैं। सूचना पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। रीनेश यादव ने पुलिस को बताया कि जांच के दौरान उसे जानकारी हुई है कि उसके खेत में रखे गाटर रविन्द्र यादव निवासी इसहाकपुर, थाना नगला खंगर, हाल निवासी डाहिनी पुलिया के पास ने चोरी किए हैं। इस पर पुलिसकर्मी सूचना देने वाले को साथ लेकर रविन्द्र के घर पहुंचे और उससे पूछताछ करने लगे। आरोप है कि पूछताछ के दौरान रविन्द्र ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और धक्का-मुक्की करने लगा। इसके बाद उसने अपने बेटे शनि और पत्नी गुड्डी देवी को भी बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने पुलिसकर्मियों और शिकायतकर्ता के साथ मारपीट तथा गाली-गलौज की। पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद हंगामा जारी रहा, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि सिपाही रितेश बाथम की तहरीर पर रविन्द्र कुमार, शनि और गुड्डी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तीनों का चालान कर दिया गया। वहीं, गाटर चोरी की सूचना देने वाले रीनेश यादव की तहरीर पर भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसमें रविन्द्र कुमार, शनि, गुड्डी देवी और कबाड़ खरीदने वाले सोमेश के खिलाफ गाटर चोरी करने तथा शिकायत करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।