Tuesday, September 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 115वें दाऊजी मेले की तैयारियों पर मंथन

115वें दाऊजी मेले की तैयारियों पर मंथन

हाथरस। 115वें विशाल लक्खी दाऊजी महाराज मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने की। इसमें जिलाधिकारी अतुल वत्स के अलावा सदर, सादाबाद और सिकंदराराऊ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी 15 सितंबर से शुरू होने वाले मेले को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था, सुगम आवागमन, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने मेले से संबंधित विभिन्न सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे और सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने की बात कही। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह और सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर जोर दिया।