Wednesday, September 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सभी विभाग एआई आधारित टूल्स और समाधान का उपयोग बढ़ाएं : मुख्य सचिव

सभी विभाग एआई आधारित टूल्स और समाधान का उपयोग बढ़ाएं : मुख्य सचिव

लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को योजना भवन में Sarvam AI के ‘Indus’ एआई प्लेटफॉर्म पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने शासकीय कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए सभी विभागों को एआई आधारित टूल्स और समाधानों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी कार्यों के निष्पादन में एआई के प्रभावी इस्तेमाल से कार्यों की दक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही में सुधार किया जा सकता है। एआई के उपयोग से विभिन्न सरकारी कार्यों में लगने वाला समय कम होगा तथा उत्पादकता और कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के साथ कदमताल करते हुए एआई को शासन व्यवस्था का प्रभावी सहयोगी उपकरण बनाना आवश्यक है। विभागों को अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप एआई आधारित समाधानों की पहचान कर उनके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे कार्यप्रणाली को अधिक सरल, तेज, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाया जा सके। मुख्य सचिव ने कार्यशाला में शामिल अधिकारियों से एआई के व्यावहारिक उपयोग, इसकी क्षमताओं और संभावनाओं को समझने के साथ अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी एआई के प्रभावी और जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रशिक्षित करने का आह्वान किया, ताकि इसका लाभ व्यापक स्तर पर सरकारी कार्यप्रणाली में दिखाई दे। इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार ने मुख्य सचिव को प्रतीक चिह्न भेंट किया। कार्यशाला का उद्देश्य Sarvam AI द्वारा विकसित ‘Indus’ प्लेटफॉर्म से अधिकारियों को परिचित कराना और शासन के क्षेत्र में इसके संभावित उपयोगों की जानकारी देना था। कार्यशाला के दौरान ‘Indus Cowork’ के व्यावहारिक उपयोग और इसकी विभिन्न क्षमताओं से प्रतिभागियों को अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों ने एआई आधारित टूल के उपयोग और उसकी संभावनाओं को समझा। कार्यशाला में प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, प्रमुख सचिव स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन अमित गुप्ता, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास सौरभ बाबू, सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ऋतु माहेश्वरी, विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स समीर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।