Wednesday, September 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अमरपुर घना में जलभराव से ग्रामीण परेशान, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

अमरपुर घना में जलभराव से ग्रामीण परेशान, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

हाथरस। ग्राम पंचायत अमरपुर घना में जलभराव और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानी को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अ) टिकैत के पदाधिकारियों ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम शिव प्रकाश यादव को ज्ञापन सौंपा। किसान नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि गांव में जलभराव और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से जूनियर हाईस्कूल के सामने रास्ते पर पानी भरा होने से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है।

ज्ञापन में कहा गया कि गांव में कई स्थानों पर रास्तों की हालत बेहद खराब है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। किसान नेताओं ने एसडीएम से मामले का संज्ञान लेते हुए मौके का निरीक्षण कराने तथा जलभराव और खराब रास्तों की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मोनू ठाकुर, कन्हैया ठाकुर, नीरज बघेल, दुर्गेश बघेल, अश्वनी माहौर, सोनू पंडित, देवेश, अमन, रोहन, पंकज, हरिवंश सहित गांव के अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।