Wednesday, September 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्मशान घाट और कब्रिस्तान जाने वाले मार्ग की बदहाली से अंतिम यात्रा में भी परेशानी

श्मशान घाट और कब्रिस्तान जाने वाले मार्ग की बदहाली से अंतिम यात्रा में भी परेशानी

हाथरस। ग्राम पंचायत लोहर्रा में मोक्षधाम और कब्रिस्तान तक जाने वाला मार्ग वर्षों से बदहाल पड़ा है। रास्ते पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत उस समय होती है, जब किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद शव को अंतिम संस्कार या दफनाने के लिए ले जाया जाता है। ग्रामीणों को कीचड़ और दुर्गंध से भरे रास्ते से होकर अंतिम यात्रा निकालनी पड़ती है। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते पर लंबे समय से पानी भरा रहने के कारण कीचड़ जमा हो गया है। गंदगी के चलते आसपास दुर्गंध का वातावरण बना रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। कई बार ग्रामीणों को बेहद मुश्किल परिस्थितियों में शव को लेकर मोक्षधाम या कब्रिस्तान तक पहुंचना पड़ता है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्रामीण जगदीश प्रसाद ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए शासन के पोर्टल पर कई बार लिखित शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन देते हैं, लेकिन बाद में शिकायत पर आख्या लगाकर मामले का निस्तारण कर दिया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि धरातल पर समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से श्मशान घाट और कब्रिस्तान तक जाने वाले मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने, जलभराव की समस्या दूर करने और नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है। मांग करने वालों में इस्लाम, जगदीश प्रसाद, कृष्ण कुमार, प्रदीप, रामखिलाड़ी, कपिल गुप्ता, रामनिवास, अशोक, बनवारी लाल, गंगा सरन, होरी लाल, दिनेश, पवन, शिव कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं। वहीं, ग्राम प्रधान भोला ने बताया कि बरसात के कारण गांव के रास्ते पर जलभराव हो जाता है। समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।