Thursday, September 10, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वायरल बुखार का बढ़ा प्रकोप, जिला अस्पताल में 35 वर्षीय युवक की मौत

वायरल बुखार का बढ़ा प्रकोप, जिला अस्पताल में 35 वर्षीय युवक की मौत

हाथरस। बदलते मौसम और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पताल में मंगलवार को बुखार से पीड़ित 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कोठी बेलनशाह निवासी महेश पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। बताया गया कि पेंटिंग का काम करने वाला महेश कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। इस दौरान उसकी प्लेटलेट्स भी कम हो गई थीं। सोमवार रात उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन मंगलवार सुबह उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को बुखार से पीड़ित 200 से अधिक मरीज पहुंचे। पर्चा और दवा काउंटर के साथ ही चिकित्सकों के कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। निजी अस्पतालों में भी बुखार के मरीजों की भीड़ देखने को मिली।

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अवधेश कुमार ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गर्म पानी का सेवन करने की सलाह दी है। उन्होंने छींकने वाले लोगों से उचित दूरी बनाए रखने और रुमाल आदि का इस्तेमाल कर बचाव करने की अपील की। डेंगू या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करने के साथ ही आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी गई है।