Wednesday, September 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन बांदा ने एआरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण

संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन बांदा ने एआरटीओ कार्यालय का किया निरीक्षण

फिरोजाबाद। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में सौरभ कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बांदा ने उप संभागीय परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) गौरी शंकर ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज और रिकॉर्डिंग क्षमता का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने कैमरों को सदैव सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालय के पंजीयन, प्रवर्तन, लाइसेंस सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया और पटल प्रभारियों से कार्यों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही आमजन के कार्यों को सुगमता और समयबद्ध तरीके से किए जाने के निर्देश दिए। कार्यालय अभिलेखों के उचित रखरखाव को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में मौजूद आवेदकों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और कार्यालय की पारदर्शी व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। कार्यालय परिसर एवं आसपास बिचौलियों और अनधिकृत व्यक्तियों के जमावड़े को रोकने के लिए भी सख्त निर्देश दिए गए। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यालय की कार्यप्रणाली को पूरी तरह दलालमुक्त एवं पारदर्शी बनाना, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही परिवहन सेवाओं को सुगम बनाना रहा। इस दौरान भरत सिंह, प्रधान सहायक, खुशीराम, वरिष्ठ सहायक, प्रभाष कुमार, कनिष्ठ सहायक, अभिनेन्द्र कुमार, कनिष्ठ सहायक, शिवराम गुर्जर, कनिष्ठ सहायक, आशा पाराशर, कनिष्ठ सहायक, मनोज कुमार, डीबीए तथा फोकॉम नेट प्रा. लि. के कर्मचारी मौजूद रहे।