फिरोजाबाद। जनपद न्यायाधीश डॉ. बाबू सारंग के मार्गदर्शन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, योगेश शिवा के निर्देशन में रेवती देवी बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज में बालिकाओं के लिए विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही अपने अधिकारों की रक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी देना रहा। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेश शिवा ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक बालिका को सशक्त बनाती है। अपने अधिकारों को जानने वाली बालिका न केवल स्वयं को सुरक्षित रख सकती है, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं विधिक सहायता के प्रति जागरूक रहते हुए समाज में कानूनी चेतना फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Jansaamna