➤ हाथरस में हुआ सजीव प्रसारण, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया सम्मानित
हाथरस। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण हाथरस के विकास भवन सभागार में किया गया। यहां राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय पोषण माह 8 अक्टूबर तक ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की अवधारणा पर मनाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अपनी-अपनी परियोजना में सर्वाधिक फॉर्म भरवाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं हाथरस ग्रामीण की बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनी कुमारी और सिकंदराराऊ की सीडीपीओ कल्पना दुबे को जिले में सर्वाधिक फॉर्म भरवाने पर सम्मानित किया गया।
रेनू गौड़ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बढ़े हुए मानदेय की बधाई देते हुए पोषण माह की गतिविधियों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की और शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि पोषण अभियान एक बहुविभागीय कन्वर्जेंस अभियान है। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के ‘सुपोषित भारत’ के विजन के तहत कुपोषण को दूर करना है। इस वर्ष पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत नगद हस्तांतरण जैसे विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि दिवसवार आयोजित गतिविधियों की जानकारी भारत सरकार के जन आंदोलन पोर्टल पर भी फीड की जाएगी। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
Jansaamna