Thursday, September 10, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, तहसील में दिया धरना

कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, तहसील में दिया धरना

शिकोहाबाद। आमजन की समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर में पैदल मार्च निकाला और तहसील पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान ज्ञापन लेने को लेकर उप जिलाधिकारी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हो गई। बाद में प्रभारी निरीक्षक के साथ पहुंचे नायब तहसीलदार ने कांग्रेसियों से ज्ञापन लिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव और नगर अध्यक्ष रामसेवक वैद्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मैनपुरी तिराहे से तहसील तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। काफी देर तक नारेबाजी के बावजूद जब कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो कांग्रेस कार्यकर्ता तेज धूप में जमीन पर बैठ गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर बाद उप जिलाधिकारी राजेश कुमार शुक्ला ज्ञापन लेने धरनास्थल पर पहुंचे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उनसे जमीन पर बैठकर ज्ञापन लेने को कहा। इसी बात को लेकर एसडीएम और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद उप जिलाधिकारी बिना ज्ञापन लिए अपने कार्यालय चले गए। कुछ देर बाद प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार नायब तहसीलदार मोहम्मद अजीम के साथ धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष से वार्ता की, जिसके बाद नायब तहसीलदार ने कांग्रेसियों से ज्ञापन लिया। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वापस लौट गए। इस दौरान नगर अध्यक्ष रामसेवक वैद्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।