Thursday, September 10, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च निकालकर की स्टाइपेंड की मांग

नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने पैदल मार्च निकालकर की स्टाइपेंड की मांग

फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड दिए जाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पैदल मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश में भी अन्य राज्यों की तर्ज पर नर्सिंग इंटर्न को स्टाइपेंड दिए जाने की मांग की। छात्र-छात्राओं का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें अस्पताल में नियमित रूप से ड्यूटी करनी पड़ती है। वार्डों में मरीजों की देखभाल, उपचार के दौरान सहयोग, काउंसलिंग समेत विभिन्न जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं। इसके बावजूद इंटर्नशिप अवधि में उन्हें किसी प्रकार का स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण इंटर्नशिप के दौरान आने-जाने, रहने और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। उनका दावा है कि दिल्ली, केरल और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में नर्सिंग इंटर्न को स्टाइपेंड दिया जाता है, जबकि उत्तर प्रदेश में अभी तक ऐसी व्यवस्था लागू नहीं की गई है। छात्र-छात्राओं ने कहा कि जब वे अस्पताल में मरीजों की सेवा और देखभाल के लिए जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी कर रहे हैं तो उन्हें भी इंटर्नशिप के दौरान आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी नर्सिंग इंटर्न के लिए स्टाइपेंड योजना लागू की जाए।