➤ हजारों श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा ऊंचाहार
पवन कुमार गुप्ता: रायबरेली। ऊंचाहार में शुक्रवार से शुरू होने वाली श्री शिव महापुराण कथा से एक दिन पहले गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गोकना गंगा घाट से शुरू हुई यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और मातृशक्ति शामिल हुए। हाथी-घोड़ों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक टोलियों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली यात्रा में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। कलश यात्रा का शुभारंभ आयोजक एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मनोज कुमार पांडेय ने पत्नी नीलम पांडेय और पुत्री मणि पांडेय के साथ गोकना गंगा घाट से पवित्र गंगाजल भरकर किया। इसके बाद श्रद्धालुओं का कारवां कथा स्थल की ओर रवाना हुआ।
यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों और सड़कों पर उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब से माहौल भक्तिमय हो गया। कई किलोमीटर तक निकली कलश यात्रा के दौरान ऊंचाहार की गलियों से लेकर कथा स्थल तक शिवभक्ति का रंग दिखाई दिया। कथा स्थल पहुंचने पर नीलम पांडेय समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने विधि-विधान से पवित्र कलश स्थापित किए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हर-हर महादेव का जयघोष किया। श्री शिव महापुराण कथा को लेकर ऊंचाहार और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात और बैठने सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन समिति के अनुसार, शुक्रवार से पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ होगा। कथा को लेकर क्षेत्र में जगह-जगह श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है।
Jansaamna