फिरोजाबाद। एफएस विश्वविद्यालय, शिकोहाबाद में छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं विदाई के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर जमकर धमाल मचाया। मनोरंजक गतिविधियों और प्रस्तुतियों से समारोह में पूरे समय उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव, प्रतिकुलाधिपति डॉ. योगेश यादव, ट्रस्टी डॉ. राहुल यादव, डॉ. नितिन यादव, कुलपति डॉ. संजीव भारद्वाज और महानिदेशक डॉ. अभिनव श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में मिस्टर फेयरवेल का खिताब जीएनएम के शिवम कुशवाह को दिया गया। वहीं मिस फेयरवेल का खिताब जीएनएम की मीनू पाल और एएनएम की सृष्टि को प्रदान किया गया। इस मौके पर कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव ने कहा कि फेयरवेल विद्यार्थियों के लिए सिर्फ विदाई का अवसर नहीं है, बल्कि शिक्षा पूरी करने के बाद जीवन की नई दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में बिताए अपने अनुभव और यादगार पलों को साझा किया। विदाई के भावुक क्षणों में कई विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या निशा ने अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
Jansaamna