फिरोजाबाद। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की प्रांतीय कार्य समिति की बैठक 13 सितंबर को फिरोजाबाद क्लब में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल करेंगे। इसमें विभिन्न जनपदों के जिला एवं महानगर अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष और प्रांतीय पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंबेश शर्मा ने बताया कि 12 सितंबर को शाम चार बजे प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल का व्यापारियों की ओर से टूंडला टोल प्लाजा पर स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह वाहनों के काफिले के साथ फिरोजाबाद के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि सुभाष चौराहे पर प्रांतीय अध्यक्ष का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया जाएगा। यहां से पथ संचालन करते हुए कार्यक्रम गांधी पार्क चौराहे पर पहुंचेगा। इसके बाद जन औषधि केंद्र पर भी उनका स्वागत किया जाएगा। अंबेश शर्मा ने बताया कि 13 सितंबर को फिरोजाबाद क्लब में होने वाली प्रांतीय कार्य समिति की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जीएसटी विभाग, विकास प्राधिकरण और खाद्य एवं औषधि प्रशासन समेत विभिन्न विभागों में कथित भ्रष्टाचार और व्यापारियों के उत्पीड़न के मुद्दे भी बैठक में उठाए जाएंगे। बैठक में व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर अदालत तक संघर्ष की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही व्यापारियों की समस्याओं को लेकर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार किए जाने की बात भी पदाधिकारियों ने कही। बैठक की तैयारियों को लेकर हुई वार्ता में नरेश पंजाबी, परशुराम गुप्ता, आशीष अग्रवाल, सुशील जाट, गोपालदास बंसल, हरिशंकर राठौर, रमाशंकर दादा, रजनीश शर्मा, आकृति सहयोगी, रेणु कुशवाहा, बबीता शर्मा, फूलचंद राठौर, रामगोपाल बजाज, संजय शर्मा, सुबोध बघेल, अनिल शर्मा और पारुल गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
Jansaamna