Friday, September 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वार्ड 2 और 5 में 1.12 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य

वार्ड 2 और 5 में 1.12 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य

फिरोजाबाद। नगर निगम की ओर से शहर के वार्ड संख्या 2 और 5 में करीब 1.12 करोड़ रुपये की लागत से नाली और सीसी सड़क निर्माण समेत विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। गुरुवार को महापौर कामिनी राठौर ने क्षेत्रीय पार्षदों की मौजूदगी में सम्राट नगर स्थित ट्यूबवेल के पास हवन-पूजन कर निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। महापौर ने बताया कि वार्ड संख्या 2 और 5 के सम्राट नगर अंबेडकर पार्क क्षेत्र में 39 लाख 95 हजार 526 रुपये की लागत से महेश चंद्र ट्यूबवेल से फैजान कपड़े वाले के मकान तक और अशोक से मोतीलाल नेताजी के मकान तक नाली मरम्मत एवं सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा।

इसी तरह वार्ड संख्या 2 के मोहल्ला नगला बड़ा मिर्जा में शांतिलाल से सुरेश चंद्र सैनी और एसएल स्कूल से सत्यप्रकाश भारती तक तथा सम्राट नगर गली नंबर एक में हरिशंकर से रोहन सिंह के मकान तक नाली और सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। मदन वाली गली और गली नंबर दो में दाताराम दरोगा से सीबू की दुकान तक भी नाली एवं सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इन कार्यों पर 26 लाख 22 हजार 889 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा वार्ड संख्या 2 के नारायन नगर में अमर सिंह, जयप्रकाश, फेलन सिंह, रोहन सिंह कुक्कू, राजू, दरोगा जी और श्यामवीर मास्टर वाली गलियों में 51 लाख 70 हजार 573 रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा।

महापौर ने कहा कि सभी विकास कार्य 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से कराए जाएंगे। इन कार्यों से संबंधित क्षेत्रों में जलनिकासी और आवागमन की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय लोगों को सड़क और नाली की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। शिलान्यास कार्यक्रम में प्रमोद बघेल, रामखिलाड़ी वाल्मीकि, फंते प्रज्ञरत्न महाराज, गुरुचरण, लायक सिंह शंखवार, देशदीपक गुप्ता, दीपक गुप्ता, क्षेत्रीय पार्षद देवेंद्र कुमार, माया देवी, सतेंद्र सविता, संघमित्रा, केपी बाबू, गीता राठौर, गुड्डा पहलवान, भानू उपाध्याय, केके गांधी और केडी जाटव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।