Saturday, September 12, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दाऊजी मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, दिए निर्देश

दाऊजी मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, दिए निर्देश

हाथरस। 17 सितंबर से शुरू होने वाले प्रसिद्ध दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अन्य अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने शेष सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मंदिर की रंगाई-पुताई, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, प्रशासनिक शिविर, इंटरलॉकिंग, बैरिकेडिंग, विद्युत सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, सफाई, शौचालय और जल निकासी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग और आपातकालीन रास्तों को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों और झूलों का आवंटन निर्धारित ले-आउट के अनुसार कराने तथा झूलों और संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने मेले से पहले पूरे क्षेत्र में ड्राई रन कराने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी हो तो उसे समय रहते दूर किया जा सके। उन्होंने बताया कि मेला परिसर में पंडाल शेड का विस्तार, मिनी स्टेज, तालाब की ड्रेनिंग एवं सफाई, जल निकासी, मिट्टी भराई, इंटरलॉकिंग और स्थायी बैरिकेडिंग सहित विभिन्न कार्य कराए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सदर, अग्निशमन अधिकारी, सीओ, लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।