Saturday, September 12, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ई-लर्निंग सेंटर में जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क मिलेगी रोजगारपरक कंप्यूटर शिक्षा

ई-लर्निंग सेंटर में जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क मिलेगी रोजगारपरक कंप्यूटर शिक्षा

फिरोजाबाद। समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्ग के बच्चों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एमवी प्रोफेशनल सोसाइटी ने पहल की है। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के सान्निध्य में मढ़ावार स्कूल, परमेश्वर गेट में ई-लर्निंग सेंटर की स्थापना की गई है। सेंटर का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क और रोजगारपरक कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराना है। ई-लर्निंग सेंटर में शुरुआती चरण में एमएस ऑफिस, एमएस वर्ड, पावरपॉइंट और टैली जैसे व्यावहारिक एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को ऐसी कंप्यूटर दक्षता प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे वे नौकरी और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार हो सकें। सेंटर में विद्यार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब तक 28 बच्चों का पंजीकरण किया जा चुका है। 13 सितंबर को प्रथम बैच का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के गणमान्य लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है।

अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता ‘मामा’ ने कहा कि निःशुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण प्रयास है। सीए भगवानदास गुप्ता एवं सीए शैलेंद्र मोहन ने कहा कि स्वजातीय बंधुओं को इस संकल्प से जोड़ना है, ताकि समाज के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत किया जा सके और जरूरतमंद बच्चों को हुनर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया जा सके। वार्ता के दौरान शंकर गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, सुनील सेठ, मनीष अलंकार, सचिन गुप्ता, अनुज गुप्ता, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, ध्रुव कुमार आचार्य, कन्हैयालाल गुप्ता, हरिओम गुप्ता, राकेश मैरोठिया, कुशल गुप्ता, दिनेश गोलस, दयाशंकर गुप्ता, देवेंद्र वादलस, सुधीर गोलस, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।