Saturday, September 12, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बोर्ड बैठक न बुलाने और वार्डों में विकास कार्य न होने पर पार्षदों ने दिया धरना

बोर्ड बैठक न बुलाने और वार्डों में विकास कार्य न होने पर पार्षदों ने दिया धरना

फिरोजाबाद। नगर निगम की बोर्ड बैठक लंबे समय से न बुलाए जाने और वार्डों में विकास कार्य न होने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को पार्षदों का आक्रोश खुलकर सामने आया। भाजपा, सपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के पार्षद नगर निगम परिसर में एकत्र हुए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने पर बैठे पार्षदों का कहना था कि नगर निगम की बोर्ड बैठक लंबे समय से आयोजित नहीं होने के कारण शहर के विकास और वार्डों की जनसमस्याओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पा रही है। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि बोर्ड बैठक न होने से वार्डों की समस्याएं लंबित हैं और विकास कार्यों से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय नहीं हो पा रहा है। पार्षदों ने कहा कि नगर निगम की बोर्ड बैठक नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए, ताकि वे अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को सदन के सामने रख सकें। बैठक न होने से जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और निर्णय प्रभावित हो रहे हैं। पार्षदों ने वार्डों में सफाई कर्मचारियों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि कर्मचारियों की कमी के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पार्षदों ने मांग की कि सेवानिवृत्त हो चुके सफाई कर्मचारियों के स्थान पर नए कर्मचारियों की तैनाती की जाए, जिससे सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। पार्षदों के धरने और नारेबाजी से नगर निगम परिसर में दिनभर हलचल बनी रही। सूचना पर नगर आयुक्त प्रशांत नागर मौके पर पहुंचे और पार्षदों से वार्ता की। उन्होंने शाम तक पार्षदों की 20 सूत्रीय समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्षदों ने धरना समाप्त कर दिया। धरना-प्रदर्शन में पार्षद रेखा यादव, मुनेन्द्र यादव, पूनम शर्मा, देश दीपक यादव, उषा शंखवार, सारिक सलीम, पावन गुप्ता, दिनेश शर्मा, सुभाष यादव, विजय शर्मा, नरेश शर्मा, इमरान मंसूरी समेत अन्य पार्षद शामिल रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।