Saturday, September 12, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वार्ड 62 में 3.20 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य

वार्ड 62 में 3.20 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य

फिरोजाबाद। नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर ने शुक्रवार को वार्ड नंबर 62 के विभिन्न मोहल्लों में करीब 3.20 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इन कार्यों में आरसीसी नाली, सीसी सड़क निर्माण, सड़क विकास और ट्री गार्ड के साथ वृक्षारोपण शामिल हैं। महापौर कामिनी राठौर ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ रामगढ़ थाने के पास सुपर फाइन ग्लास रोड पर सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि वार्ड में विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं में राहत मिलेगी। वार्ड नंबर 62 के हसमतनगर गली नंबर एक में सलमान मेडिकल से मस्जिद हबीब होते हुए किशन चौधरी के मकान तक कच्ची गली में आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य पर 43 लाख 14 हजार 145 रुपये खर्च होंगे। इसी तरह अब्बास नगर में सौरभ के मकान से मुन्ना सिद्धू होते हुए सुल्तान हसन मस्जिद तक आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य की लागत 28 लाख 48 हजार 725 रुपये है। वहीं फौजी ट्रेडर्स से इरफान की बाउंड्री तक सड़क विकास एवं सीसी सड़क निर्माण के साथ ट्री गार्ड लगाकर वृक्षारोपण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 1 करोड़ 42 लाख 2 हजार 174 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा हजरतनगर की बेलवा वाली गली में सैंडोली से नफीसा बेगम तक तथा सद्दाम हुसैन, सलीम और नजमा के मकानों से बाबू खान के मकान तक आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य की लागत 1 करोड़ 5 लाख 8 हजार 330 रुपये है। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम लगातार कार्य कर रहा है।