➤ कोच में रखा सिलिंडर फटा, एक यात्री हुआ गंभीर घायल
➤ आग की सूचना पर रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों नेे बुझाई आग
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर माल गोदाम के पूर्वी साइड में खड़ी मरम्मत स्टाफ की मालगाड़ी के सेंटिंग कोच में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में बिकराल रूप ले लिया। जिस कोच में आग लगी, उसमें दो सिलिंडर ऱखे हुए थे। जिसमें एक सिलिंडर आग के चलते फट गया। इस दौरान वहां खड़े एक यात्री के सिर में सिलिंडर का टुकड़ा लगा, जिसकी बजह से उसके सिर के ऊपर का कुछ हिस्सा हट गया। जिससे वह लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद घायल को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। कोच की आग को बुझाने में जनपद की सभी तहसीलों से आईं लगभग एक दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। रेलवे कोच में आग लगने की जानकारी होते ही एसडीएम, सीओ सहित रेलवे के भी अधिकारी मौके पर पहुंच गये।
शनिवार दोपहर को एक बजे के करीब रेलबे के सैंटिंग कोच में अचानक आग लग गई। कोच से उठते धुआं और आग की लपटों ने रेलवे स्टेशन और मालगोदाम सहित चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। आग की जानकारी होते ही स्टेशन अधीक्षक राजेश्वर सिंह सहित रेलबे प्रशासन मौके पर पहुंच गया। रेलवे के कर्मचारियों ने डिब्बे को अन्य डिब्बों से अलग किया। अन्यथा बड़ा नुकसान हो जाता। ट्रैन के कोच में आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की एक दर्जन गाड़ियां पूरे जिले की तहसीलों से पहुंची। कड़ी मशक्कत से लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक कोच पूरी तरह से जल गया था। बताया जाता है कि रेलबे स्टेशन पर खड़े सैंटिंग कोच में कुछ कर्मचारी खाना बना रहे थे, तभी सिलिंडर में अचानक आग लग गई। जिससे वह घबरा कर नीचे उतर आए और तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही समय में पूरे कोच को अपनी जद में ले लिया। जब कोच में से आग की लपटें निकल रहीं थी, तभी कोच में रखा एक सिलिंडर ते धमाके के साथ फट गया। जो वहां पास में खड़े एक यात्री के सिर में लगा, जिससे उसके सिर का उपरी हिस्सा अलग हो गया और वह खून से लथपथ हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में फिरोजाबाद मेडिकल कालेज भेज दिया। घायल का नाम राहुल (28) पुत्र दयाशंकर निवासी नगला स्वेटा थाना एका बताया। उसके साथ दिल्ली जा रहे गुलशन ने बताया कि वह अपने भाई के साथ दिल्ली जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर आए थे। तभी कोच में आग की जानकारी होने पर अन्य लोगों के साथ हम दोनों भी वहां पहुंच गये। तभी सिलिंडर फटने से उसमें से निकला एक लोहे का टुकड़ा उसके भाई राहुल के सिर में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आग लगने की जानकारी होते ही मुख्य अग्नि शमन अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस, प्रशासन और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गये। रेलवे प्रशासन अब कोच में लगी आग की जांच कराने की बात कह रहा है।
Jansaamna