Sunday, September 13, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ संस्था की नई शाखा का शुभारंभ

महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ संस्था की नई शाखा का शुभारंभ

फिरोजाबाद। बाल एवं महिला विकास एवं शोषण निवारण कल्याण समिति की ओर से शुक्रवार को खानजापुर बरी, फतेहाबाद रोड, फिरोजाबाद में महिला जागरूकता एवं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था की नई शाखा का शुभारंभ किया गया। बैठक में महिलाओं एवं बालिकाओं पर हो रहे अत्याचार, घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। संस्था की नई शाखा का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, घरेलू हिंसा एवं शोषण जैसी समस्याओं के खिलाफ आवाज उठाना तथा जरूरतमंद महिलाओं को उचित मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराना है। शाखा की लीडर के रूप में उपासना शर्मा एवं सुमन सिंह सिसोदिया को जिम्मेदारी सौंपी गई।

महिलाओं को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

बैठक में संस्था की प्रबंधक एवं सचिव रानू निगम ने महिलाओं के अधिकारों, उनकी समस्याओं तथा महिलाओं के प्रति बढ़ते अत्याचार को रोकने के विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण या अन्याय का सामना होने पर उचित कदम उठा सकें। रानू निगम ने महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कानूनी सहायता, रोजगार एवं स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संस्था हरसंभव सहयोग करेगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों तक महिलाओं की समस्याएं पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी महिला अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी से वंचित न रहे। नई शाखा के माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं को अपने आसपास ही सहायता, जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, महिलाओं पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें संगठित किया जाएगा।

महिलाओं ने उत्साह से लिया भाग

बैठक में संस्था की प्रबंधक एवं सचिव रानू निगम, गीता सिंह, राजकुमारी, उपासना शर्मा, सुमन सिंह सिसोदिया, भावना पचौरी एवं अनीता शर्मा सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने बैठक में उत्साहपूर्वक भाग लिया और संस्था की ओर से शुरू की गई नई शाखा के प्रयास की सराहना की। बैठक शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।