Sunday, September 13, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कठोर परिश्रम और समर्पण ही व्यक्ति को सफलता के मार्ग पर ले जाता है: डीएम

कठोर परिश्रम और समर्पण ही व्यक्ति को सफलता के मार्ग पर ले जाता है: डीएम

फिरोजाबाद। महात्मा गांधी कॉलेज बालिका महाविद्यालय परिसर में सेवायोजन विभाग, कॉलेज प्रबंधन और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क भव्य रोजगार मेला एवं करियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। जिसमें 378 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। सभी चयनित अभ्यर्थियों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। रोजगार मेले में लगभग 913 ऑफलाइन तथा 568 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन अपना पंजीकरण कराया। रोजगार मेले में 18 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। जिन्होंने 378 अभ्यर्थियों का चयन किया।

सदर विधायक ने कहा कि युवाओं को भटकने से बचाने और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग एक सेतु की तरह कार्य कर रहा है। एक ट्रिलियन इकोनॉमी के लक्ष्य में युवाओं का योगदान प्रमुख है और यह तभी संभव है, जब हर हाथ को काम मिले, चाहे वह जॉब सीकर के रूप में हो या मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना व जिला उद्योग केंद्र की योजनाओं के माध्यम से जॉब प्रदाता बनकर हो। जिलाधिकारी ने कहा कि जीवन में सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, अत्यंत कठोर परिश्रम और समर्पण ही व्यक्ति को सफलता के मार्ग पर ले जाता है। उन्होंने बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके अभिभावकों से अपील की है कि बेटियों को शिक्षा और प्रगति के समान अवसर प्रदान किए जाएं, जिससे बेटियां अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी सदर सुदर्शन कुमार, जिला रोजगार अधिकारी खुशबू शाक्य, वरिष्ठ बाबू विपिन कुमार, सुमन कुमार एवं समस्त रोजगार कार्यालय कर्मचारी तथा एमजी डिग्री कॉलेज की प्राचार्य प्रदर्शनी उपाध्याय, सचिव सतीश चंद्र गुप्ता, मंडल सचिव अनूप चंद्र जैन, मंडल कोषाध्यक्ष अनूपम कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।