Wednesday, September 16, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भव्य श्री शिव महापुराण कथा में शामिल हुईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

भव्य श्री शिव महापुराण कथा में शामिल हुईं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

रायबरेली। चड़रई टोल प्लाजा, निकट बाबूगंज, ऊंचाहार में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान सुविख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा स्थल पर साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का शॉल एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

अपने उद्बोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि यहां उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बताया कि जब भी उन्हें समय मिलता था, वह टीवी के माध्यम से पं. प्रदीप मिश्रा की कथा का श्रवण करती थीं। आज प्रत्यक्ष रूप से पावन स्थल पर उपस्थित होकर उनकी कथा सुनने और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए सुखद एवं सौभाग्य का विषय है। राज्यपाल ने कहा कि यह अत्यंत पवित्र एवं आध्यात्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में साधु-संत विराजमान हैं और श्रद्धालु श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं एवं सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने भव्य श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन के लिए मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।