Wednesday, September 16, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उद्यान मंत्री ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से किया संवाद

उद्यान मंत्री ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से किया संवाद

रायबरेली। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों, वरिष्ठजनों एवं सम्मानित नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों का कुशलक्षेम जाना और उनकी स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। मंत्री ने समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण का आश्वासन दिया। उद्यान मंत्री ने ग्राम सभा हिलगी में ग्रामीण परिवारों के बीच पहुंचकर लोगों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। इसके बाद ग्राम सभा पहाड़पुर में ग्रामीणों से भेंट कर वरिष्ठजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। ग्राम सभा कांसो खास में उन्होंने झंडेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके बाद ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनकी आवश्यकताओं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव सुने तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसी क्रम में उन्होंने ग्राम सभा पिडुरी सरगही, सोहाईबाग, बैसन का पुरवा, सुल्तानपुर, मझिगवां तथा विकासखंड हरचंदपुर के ग्राम शोभापुर का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। ग्राम सुल्तानपुर में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव मंत्री के समक्ष रखे, जिनके समयबद्ध समाधान का उन्होंने भरोसा दिलाया। ग्राम शोभापुर में भी उन्होंने स्थानीय आवश्यकताओं और जनसमस्याओं की जानकारी ली तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीणों से निरंतर संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न गांवों के ग्रामीणों एवं सम्मानित नागरिकों ने राज्य मंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया। श्री सिंह ने ग्रामीणों की ओर से मिले स्नेह, सम्मान और आत्मीयता के लिए आभार व्यक्त किया।